जिला पंचायत सदस्य ने शुरू कर दिया क्रमिक अनशन
https://www.shirazehind.com/2013/12/blog-post_2000.html
जौनपुर। वर्ष 2006 से निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खुटहन को प्रारम्भ किये जाने एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खुटहन में हुये ईंट घोटाले की जांच किये जाने की मांग को लेकर कांग्रेस नेत्री एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जया दूबे ने दो दिवसीय क्रमिक धरना शुक्रवार से शुरू कर दिया। इस मौके पर उमड़े जनसैलाब को सम्बोधित करते हुये श्रीमती दूबे ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। आम आदमी सुरक्षित नहीं है। एक साल से हम लोगों का यह आंदोलन चल रहा है। प्रदेश सरकार के इस महत्वपूर्ण विभाग से लोगों का विश्वास उठता जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाएं पूर्णतया चैपट हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि लापरवाह स्वास्थ्य विभाग मनमाना रवैया अपना रहा है। 7 वर्ष से इस स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण किया जा रहा है तथा दो बार सीएमओ का भी आगमन यहां हो चुका है किन्तु अभी तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। मलबा हटाये जाने के नाम पर लगभग 30 लाख रूपये का ईंट बेच दिया गया जिसकी जांच किये बिना भ्रष्टाचार का खुलासा नही हो सकता। यदि शीघ्र ही इस स्वास्थ्य केन्द्र को प्रारम्भ नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन शुरू किया जायेगा। इस अवसर पर इन्द्रबली मिश्रा, अंजनी तिवारी, विकास मिश्रा, इन्द्रभान मौर्या, लालचन्द्र यादव, शोहराब अली, सुरेश यादव, अर्जुन बिन्द, राजेश बिन्द, विवेक यादव, अरून मिश्रा, मनोज त्रिगुनाइत, दृगपाल, दिलीप यादव, अशोक प्रजापति, शर्मिला दूबे, सुचित्रा उपाध्याय, देवेश उपाध्याय, रंजीत मौर्य, आलोक पाण्डेय, संजीत मौर्य, कन्हैया लाल यादव, घनश्याम गौड़, सिकन्दर यादव सहित सैकड़ों उपस्थित रहे।
