भारत विरोधी नारे लगाने वालों को देश में रहने का अधिकार नहींः विनीत शुक्ला
https://www.shirazehind.com/2014/03/blog-post_5217.html
जौनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बदलापुर इकाई के कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को हुई जहां विभाग संयोजक विनीत शुक्ला ने कहा कि कश्मीरी छात्रों द्वारा मेरठ विश्वविद्यालय के छात्रावास एवं नोयडा के शारदा विश्वविद्यालय में ‘भारत विरोधी नारे’ लगाये जाने की निंदा करते हुये कहा कि जिन लोगों को देश के संविधान में आस्था नहीं है तथा जिसे इस देश से प्रेम नहीं है, उसे देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है। सरकार ऐसे देशद्रोहियों पर कठोर कार्यवाही करे, अन्यथा ऐसे तत्व अभी चिंगारी और बाद में देखते-देखते आग के रूप में कार्य करेंगे तब मुश्किल होगा। श्री शुक्ला ने कहा कि समय रहते इन्हें दण्डित किया जाय। इस मुद्दे को राजनीति से परे रखकर सभी राजनीतिक दलों को भी सोचने की जरूरत है। इस मुद्दे की जांच भी आवश्यक है, क्योंकि भारत विरोधी नारे लगाने वाले छात्रों की मदद का एलान दुश्मन देश के एक आतंकवादी संगठन द्वारा सीधे तौर पर किया जा रहा है। देश की एकता व अखण्डता के लिये ऐसे तत्वों पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाय। इसके अलावा अन्य वक्ताओं ने इसकी निंदा करते हुये अपना विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर विवेक कुमार, दीपक, पवन, अभिषेक, चन्दन सेठ, आदित्य, ओंकार नाथ सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
