फसल जलने से आक्रोशित किसानों ने किया चक्का जाम
https://www.shirazehind.com/2014/04/blog-post_8866.html
जौनपुर : मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के उचौरा गांव में गुरुवार की दोपहर शार्ट सर्किट से लगी आग में तैयार फसल जलकर राख हो गई। घटना से आक्रोशित किसानों ने जौनपुर मार्ग जाम कर दिया जिसके चलते दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर आंदोलन खत्म कराया।
गर्मी शुरू होते ही अगलगी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इन घटनाओं में अधिकांश का कारण विद्युत शार्ट सर्किट है। आग की चपेट में आकर अब तक 25 बीघे से अधिक फसल जलकर राख हो चुकी है। इसके बावजूद विद्युत विभाग और जिला प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
दोपहर में उचौरा गांव की पुलिया के पास शार्ट सर्किट से आग लगी और देखते ही देखते जोखू लाल, बलिकरन, अमृत लाल, बाबू लाल और बैजनाथ की पंद्रह बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
घटना से आक्रोशित किसानों ने रास्ता जाम कर दिया। उनका आरोप है कि बिजली विभाग को जर्जर खंभा तार बदलने के लिए प्रार्थनापत्र भी दिया था लेकिन विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
चक्का जाम की सूचना पर थानाध्यक्ष अनुपम श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हल्का बल प्रयोग कर जाम खुलवाया। इसके बाद आवागमन बहाल हुआ।

