प्रत्येक पेट्रोल पंप पर तैनात होंगे दो सिपाही
https://www.shirazehind.com/2014/04/blog-post_8997.html
जौनपुर : अब पेट्रोल पंपों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन काफी चौकन्ना हो गया है। पेट्रोलियम वितरक समिति के पदाधिकारियोंके साथ गुरुवार को हुई वार्ता के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सुरक्षा तथा मारे गए लोगों के परिवारों को मुआवजा देने का वादा किया है। इसे लेकर 11 अपै्रल को पंप संचालकों द्वारा की जाने वाली हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
समिति के पदाधिकारियों से वार्ता के दौरान डीएम सुहास एलवाई ने कहा कि जिन लोगों की हत्या हुई है उनके परिवार वालों को शासन स्तर से 10-10 लाख तथा प्रशासन की तरफ से 30-30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सुरक्षा के सवाल पर डीएम-एसपी ने कहा कि प्रत्येक पंप पर दो-दो पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा बीट के दारोगा ठीक उसी तरह चक्रमण करेंगे जैसे बैंक ड्यूटी चेक की जाती है। इसके अलावा प्रत्येक पेट्रोल पंप की 200 मीटर एरिया पर पुलिस की खास निगाह रहेगी, जिसके अंदर आने वालों पर कड़ी निगाह रहेगी। पुलिस कर्मी पंप के इर्द-गिर्द अनावश्यक घूमने-टहलने वालों की खबर लेंगे।
समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई है। यदि ऐसा नहीं होता तो फिर से रणनीति बनेगी। इस अवसर पर अरुण सिंह, रामपाल सिंह, कंचन सिंह, दिवाकर पाठक, इंद्र बहादुर सिंह, लालू यादव सहित अन्य संचालक मौजूद थे।

