सांप ने काटा तो खुद उसे पकड़कर अस्पताल पहुंचा छात्र, डॉक्टर से मांगी दवाई
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_252.html
गोरखपुर. जिला अस्पताल के इमरजेंसी में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक जिंदा सांप लेकर वहां पहुंचा। इससे पहले कि लोग कुछ और समझते युवक बोला' 'डॉक्टर साहब मुझे इस सांप ने काट लिया है। इसे देखकर मुझे एंटी वेनम (जहर विरोधी) लगाइए। युवक ने सांप प्लास्टिक के पारदर्शी डिब्बे में कैद किया हुआ था।
युवक का नाम खुशनंदन है और वह सिकरीगंज इलाके के कासिमपुर जिगिना गांव का रहने वाला है। वह सैम्स इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी वाराणसी में बीटेक सेकेंड ईयर (सिविल इंजीनियरिंग) का छात्र है। वह इन दिनों गर्मियों की छुट्टियां बिताने अपने गांव आया है।
खुशनंदन मंगलवार को अपने घर के पास बेतरतीब ईंट को एक-एक कर उठाकर रख रहा था। ईंट के बीच में बैठे एक सांप ने उसे काट लिया और भागने लगा। खुशनंदन ने सांप को पकड़ा और उसे एक पारदर्शी प्लास्टिक के जार में रखकर जार का मुंह जाली से बंद कर दिया। वह अपने दोस्त के साथ सांप को लेकर सीधे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचा।
डॉक्टरों ने खुशनंदन को तुरंत ही एंटी वेनम दिया। कुछ देर बाद वह सामान्य हो गया। डॉक्टरों का कहना था कि सांप लेकर आने से यह पता चल गया कि यह कोबरा नहीं है, लिहाजा उसी के मुताबिक, उसे कम डोज का एंटी वेनम दिया गया।


