अंतिम दिन फार्म जमा करने को रही भीड़
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_3364.html
जौनपुर : तिलकधारी महाविद्यालय में प्रवेश फार्म जमा करने के लिए अंतिम
तिथि 20 जून रखी गई है जिससे शुक्रवार को छात्रों की काफी भीड़ जुटी थी।
विलंब शुल्क के साथ छात्रों के फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 28 जून रखी गई
है। इस वर्ष भारी संख्या में छात्रों ने इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की है जिससे छात्रों में पसंदीदा कालेज में दाखिला लेने की होड़ मची है। टीडी कालेज में अब तक करीब साढ़े सत्रह हजार अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए आवेदन कर रखा है। यह संख्या 28 जून तक लेट पेमेंट के साथ 18 से 19 हजार हो जाएगी। वहीं एलएलबी के आवेदन के लिए 18 जुलाई तिथि निर्धारित है तो विलंब शुल्क के साथ 25 जुलाई तक फार्म भरा जा सकता है। टीडी कालेज में कुल सीटों की संख्या चार हजार के आस-पास होगी। स्नातक व स्नातकोत्तर के लिए अलग-अलग से काउंटर बनाया गया था। जिस पर छात्र-छात्राओं की लंबी लाइन लगी थी।
इस बाबत प्राचार्य डा.यूपी सिंह ने बताया कि छात्रों की समस्याओं को देखते हुए पर्याप्त काउंटर की व्यवस्था कर दी गई है जिससे वह आसानी से फार्म जमा कर सके। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार हर विषय में दस फीसद अधिक आवेदन आए हैं।

