सांप को मारने के चक्कर में गई मासूम की जान, गर्दन को चीरते हुए निकली गोली
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_3731.html
सोनभद्र. नानी के घर घूमने आई चंचल (14) की गोली लगने से
शनिवार को मौत हो गई। अचानक सांप निकलने की खबर से चंचल दहशत में आ गई और
लोडेड बंदूक का ट्रीगर दब गया। गोली उसके गर्दन को चीरते हुए बाहर निकल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज
दिया। पुलिस ने बंदूक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही
है।
घटना सोनभद्र ओबरा थाना क्षेत्र के सेक्टर आठ की है। अपने नाना के घर
छुट्टियां मनाने आई चंचल गुप्ता (14) की मौत गोली लगने से हो गई। लड़की के
नाना शिवशंकर गुप्ता के मुताबिक उनका पूरा परिवार सेक्टर आठ में रहता है।
पिछले दस दिनों से उनकी बेटी और नातिन चंचल छुट्टियां मनाने वाराणसी से
ओबरा आए हुए थे। घर के सभी सदस्य अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। चंचल भी
कुछ बच्चों के साथ घर में खेल रही थी।
पिछले कुछ दिनों से घर में रोजाना सांप निकल रहा था। उसे मारने के लिए
लोड की हुई लाइसेंसी बंदूक भी रखी हुई थी। सांप आने के दहशत में चंचल ने
बंदूक उठाई और अचानक गोली चल गई, जो सीधा उसकी गर्दन में जाकर लगी। उसके
बाद पूरे घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में घर के लोग गंभीर अवस्था में
घायल चंचल को अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर
दिया।
मौके पर पहुंचे ओबरा एसओ अनिल यादव ने शव को कब्जे में लेकर
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि घर वालों की लापरवाही से
बच्ची की जान गई है। सांप की खबर सुनकर बच्ची घबरा गई होगी और खेल-खेल में
ट्रीगर दब गया। इससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

