टूटा सब्र, एसडीएम को घेरा
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_3844.html
मड़ियाहूं (जौनपुर): बिजली दुर्व्यवस्था सही होने का नाम ही नहीं ले रही है। ताप के साथ 72 घंटे से बिजली न मिलने से क्षुब्ध सदरगंज मोहल्ले के लोगों का सब्र आखिरकार टूट गया। बुधवार को व्यापारियों के साथ लामबंद मोहल्ले वासियों ने उप जिलाधिकारी विजय बहादुर सिंह का घेराव कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। 12 जून की दोपहर एक बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन कारी शांत हुए।
सदरगंज मोहल्ले में दो दिन पहले ट्रांसफार्मर जल गया था। जिसके कारण मोहल्ले में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गर्मी के साथ ऊपर से बिजली की कटौती से लोग बेहाल हो गए। ट्रांसफार्मर बदलने की उच्चाधिकारियों से मांग करते-करते थके लोगों ने व्यापारियों के साथ एसडीएम का घेराव करते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते 72 घंटे से फुंका ट्रांसफार्मर अभी तक बदला नहीं गया है। जिसके चलते लोगों के सामने गर्मी व पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है।
उप जिलाधिकारी ने मोबाइल पर एक्सईएन से वार्ता कर आश्वासन दिया कि 12 जून को दोपहर तक ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा। साथ विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। जिस पर व्यापारियों ने कहा कि उक्त अवधि तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो हम चक्का जाम करने को बाध्य होंगे। घेराव करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष लाल प्रताप सिंह, राज कुमार शर्मा, अशोक कुमार जायसवाल, अताउल्ला खां, राजेश शर्मा, आयुष जायसवाल, लल्लन यादव आदि लोग शामिल थे।

