ग्रामीणों ने सेक्रेटरी पर लगाया घुसखोरी का आरोप, सौंपा डीएम को ज्ञापन
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_4691.html
जौनपुर। जिले के विकास खण्ड मुफ्तीगंज के ग्रामसभा भोगीपट्टी के ग्रामीणों की आक्रोशपूर्ण बैठक प्राथमिक विद्यालय पर हुई जहां सेक्रेटरी सुरेश कुमार द्वारा ग्रामीणों के प्रति दुर्भावनापूर्ण, विकास कार्य में बाधा पहुंचाने, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने पर पैसे की मांग करने, इंदिरा आवास आवंटन के लिये मोटी रकम की मांग करने, वर्तमान में समाजवादी पेंशन में नाम डलवाने के लिये 5 रूपये सुविधा शुल्क की मांग करने पर आक्रोश जताया गया। यहां से उठे ग्रामीणों ने मुख्यालय पहुंचकर सेक्रेटरी के खिलाफ दण्डात्मक कार्यवाही हेतु एक पत्रक जिलाधिकारी को सौंपा। ग्रामीणों के अनुसार जब बैठक की अध्यक्षता कर रहे ग्राम प्रधान हीरा लाल पर उनकी शिथिलता का आरोप लगा तो प्रधान ने अपनी आपबीती सुनाते हुये कहा कि सेक्रेटरी के कारण मेरा 17 माह का लगभग 29 हजार रूपये मानदेय रूका है। गांव के निवासी एवं काशी विद्यापीठ छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री विकास तिवारी ने कहा कि ग्रामीणों के प्रति सेक्रेटरी द्वारा अमर्यादित शब्दों का प्रयोग एवं तानाशाहीपूर्ण व्यवहार करना अत्यन्त निन्दनीय है। उन्होंने इसकी शिकायत खण्ड विकास अधिकारी, ब्लाक प्रमुख एवं जिलाधिकारी से किया। अन्त में ग्राम प्रधान सहित दो सौ से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन देने वालों में विकास राय, हीरा लाल, दिलीप, हसन, नन्हकू, ईशान वर्मा, राकेश कुमार, राजू तिवारी, राहुल, सुरजू प्रजापति, धीरज विश्वकर्मा, सुबाष विश्वकर्मा सहित अन्य ग्रामीण प्रमुख रहे।

