राजधानी एक्सप्रेस हादसे में पांच की मौत
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_6101.html
नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12236
अप) छपरा-गोल्डनगंज स्टेशन के बीच पटरी से उतर गई। मंगलवार रात 2 बजकर 7
मिनट पर हुए इस हादसे में चार यात्री मौके पर ही मारे गए। एक यात्री बाद
में इलाज के दौरान मर गया। नौ से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में एक नौ
महीने की बच्ची भी है। रेल मंत्री सदानंद गौड़ा दुर्घटनास्थल के लिए
निकल गए हैं। हादसे की वजह से कई गाडि़यों के रूट बदले गए हैं और कुछ रद्द भी की गई हैं। हादसा
क्यों हुआ, इस बारे में अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। शुरुआती
रिपोर्ट के मुताबिक इसे किसी साजिश से जोड़ कर नहीं देखा जा रहा है, लेकिन
घटनास्थल पर रेल की पटरी कटी हुई पाई गई है।
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष अरुणेंद्र कुमार ने हादसे में माओवादियों का
हाथ होने की आशंका जताई है। हालांकि, छपरा के एसपी ने इसे सिरे से खारिज कर
दिया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी कह दिया है कि शुरुआती रिपोर्ट में
नक्सली साजिश की बात सामने नहीं आई है। क्षेत्र के सांसद राजीव प्रताप
रुड़ी ने कहा कि हादसा कैसे हुआ, यह तो जांच का विषय है, लेकिन रेल की पटरी
कटी हुई है।
इंजन, पैंट्री कार के अलावा ट्रेन की 11 बोगियां पटरी से उतरने की खबर
है। हालांकि, जिला प्रशासन का कहना है कि 7 बोगियां (बी-1 से बी-7 तक) ही
दुर्घटना का शिकार हुई हैं।
अरुणेंद्र कुमार ने कहा, 'बुधवार को नक्सलियों ने इलाके में बंद का एलान किया था। इससे पहले एक मालगाड़ी भी पटरी से उतरी है। ऐसे
में माओवादी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।' उन्होंने यह भी
कहा कि दुर्घटनास्थल के पास गड्ढा दिखाई दिया है जो संभवत: धमाके की वजह
से बना होगा।
छपरा के एसपी सुनील कुमार ने दुर्घटना में माओवादियों का हाथ होने की
आशंका को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि हादसा तकनीकी खराबी की
वजह से हुआ है। उधर, जिले के डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि जांच के बात ही
पता चलेगा कि हादसा किस वजह से हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी
एक्सप्रेस की सिर्फ सात बोगियां ही पटरी से उतरी हैं।
रेल मंंत्रालय ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए, गंभीर तौर पर
घायल लोगों को 1-1 लाख रुपए और मामूली तौर पर घायल लोगों को 20-20 हजार
रुपए के मुआवजे की घोषणा की है। बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने
भी प्रत्येक मृतक के परिवार को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है।

