महज औपचारिकता बनकर रही क्षेत्र पंचायत की वार्षिक बैठक
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_8580.html
जौनपुर। खुटहन क्षेत्र पंचायत की वार्षिक बैठक मंगलवार को शोर-शराबे की भेंट चढ़ी जहां प्रथम दृष्टया अनुशासन नाम की चीज ही नजर नहीं आयी। बैठक में किसी भी प्रकार का प्रस्ताव न रखा गया और न ही पिछले प्रस्ताव पर चर्चा हुई तथा क्षेत्र पंचायत समिति महज खानापूर्ति में लगी रही। इसके पहले स्थानीय पंचायत भवन में बैठक हुई जहां समयानुसार ब्लाक प्रमुख रमेश सिंह की अध्यक्षता में जैसे ही सदन शुरू हुई, उपस्थित सदस्यांे ने अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को कराये जाने में अनदेखी करने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। इस दौरान विकास कार्यों पर चर्चा करना तो दूर, वार्षिक कार्य योजना भी प्रस्तुत नहीं किया गया। सूत्रों की मानें तो पिलकिछा के ग्राम प्रधान फूलचन्द्र यादव ने बैठक को महत्वपूर्ण बनाने एवं सकारात्मक चर्चा करने पर प्रयास किया। उन्होंने खण्ड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत के सामने सवालों की बौछार लगा दिया लेकिन वे एक प्रश्न का भी उत्तर नहीं दे सके। उन पर मध्यान्ह भोजन में धांधली का आरोप लगाते हुये श्री यादव ने कहा कि जिस विद्यालय में 2 सौ छात्रों का पंजीकरण है, वहां यदि 25 छात्र उपस्थित हैं तो शेष की भी हाजिरी हो जाती है। उन्होंने शिक्षा अधिकारी पर क्षेत्र में अवैध स्कूल चलवाने का आरोप लगाया। इसी क्रम में खण्ड विकास अधिकारी शम्भू दयाल वर्मा पर सदस्यों ने लोहिया आवास योजना में धांधली एवं रिश्वत लेकर आवास आवण्टन का आरोप लगाया तथा वे एक भी जवाब नहीं दे सके। सूत्रों के अनुसार अन्त में ब्लाक प्रमुख रमेश सिंह ने कार्ययोजना, प्रस्ताव व विकास कार्यों पर किसी भी प्रकार की चर्चा नहीं किया। अलबत्ता अपने पिता हरिवंश सिंह को प्रतापगढ़ से चुनाव जीतने पर सभी सदस्यों व ग्राम प्रधानों के प्रति आभार अवश्य जताया। इस अवसर पर फूलचन्द्र यादव, श्याम बहादुर यादव, विमलेश शुक्ला, खण्ड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत, पशु चिकित्सक चन्द्रभान, भारशिव, सुरेन्द्र यादव, महेन्द्र बिन्द, प्रेमचन्द्र यादव, रामजी यादव, रामदुलार यादव, हरि प्रसाद गुप्ता, प्रमोद हलवाई सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। बैठक का संचालन बीडीओ शम्भू दयाल वर्मा ने किया।
