कार्यकर्ता केन्द्र सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएंः सिंह
https://www.shirazehind.com/2014/08/blog-post_802.html
जौनपुर। जिस प्रकार सेना युद्ध जीतने के बाद विश्राम नहीं करती उसी प्रकार भाजपा कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव जीतने के बाद बैठे नहीं बल्कि जनता के मध्य जाकर भाजपा की नीति, नीयत तथा केन्द्र सरकार की अब तक उपलब्धियों को बतायें। उपरोक्त बाते भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरिश्चन्द्र सिंह ने मल्हनी विधान सभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक को जनक कुमारी जूनियर हाई स्कूल सीहीपुर में सम्बोधित करते हुये कहा। मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक जौनपुर-इलाहाबाद राज मार्ग पर स्थित जनक कुमारी जूनियर हाई स्कूल सीहीपुर में हुई। जिसे सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हरिश्चन्द्र सिंह ने कहा कि 25 अगस्त से 25 सितम्बर तक चलाए जाने वाले सदस्यता अभियान में विशेष रूप से महिलाओं और अनुसूचित जाति के लोगों को अधिक से अधिक संख्या में भाजपा से जोड़ा जायेगा। जिला महामंत्री सुशील उपाध्याय ने अपने सम्बोधन में कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में पिछड़े एवं शोषित वर्ग के लोगों में भाजपा के प्रति रूझान बढ़ी है। इस वर्ग के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी में विश्वास व्यक्त कर अपना मत दिया है। जिसका परिणाम रहा कि हमारे विजयी सांसदों के सामने सभी पार्टियों की उम्मीदवारों ने घुटने टेक दिये। इसे देखते हुए पिछड़े एवं शोषित वर्ग के लोगों को भाजपा से जोड़ कर सक्रीय सदस्य बनाया जाये। श्री उपाध्याय ने आगे कहा कि जिला पंचायत एवं 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को भारी सफलता दिलाने के साथ ग्राम सभा से लेकर विधानसभा तक भाजपा का परचम लहराना है तथा प्रदेश की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जनता भाजपा की तरफ आश भरी नजरों से देख रही है और सभी प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रिय सरकार चाहती है। इस अवसर पर मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी रविन्द्र सिंह ने शोक प्रस्ताव के जरिए समस्त कार्यकर्ताओं को अवगत कराया कि पूर्व जिलाध्यक्ष माता सेवक उपाध्याय एवं पूर्व जिला प्रचारक चंद्रिका प्रसाद का निधन हो गया है। स्व. उपाध्याय और सिंह की कमी पूरी नहीं की जा सकती। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट मौन रखकर मृत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर अशोक शुक्ल, अरूण उपाध्याय, ओम प्रकाश सिंह, हरिशंकर सिंह, संजय पाठक, प्रहलाद सिंह, लाल प्रसाद यादव, पंकज मिश्र आदि उपस्थित रहें। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजमणि ंिसह ने एवं संचालन जय प्रकाश सिंह ने किया।
