लुप्त हो रही नेवार मूली के अस्तित्व के लिये आयोजित होगी भव्य प्रदर्शनीः आयोजन समिति
https://www.shirazehind.com/2014/12/blog-post_80.html
जौनपुर। जौनपुर में पैदा होने वाली नेवार मूली अपने आकार व प्रकार सहित वजन के चलते पूरे विश्व में जानी-पहचानी जाती थी जो केवल ग्रीष्मकाल में पैदा होती थी किन्तु दुर्भाग्यवश उक्त मूली अब लुप्त हो चुकी है जिसके तमाम कारण हैं। मूली की पैदावार को बढ़ाने व किसानों को प्रोत्साहित करने के लिये मार्निंग वार्कर्स एसोसिएशन एवं अनाज बीज विक्रेता संघ द्वारा आगामी 11 जनवरी को मोहम्मद हसन कालेज के मैदान पर ‘जौनपुरी मूली, साग-भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी’ का भव्य आयोजन होगा। उक्त बातें आयोजन समिति द्वारा गुरूवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उपस्थित अध्यक्ष वीके प्रधान, महामंत्री घनश्याम साहू, चेयरमैन मूली मेला महेन्द्र नाथ सेठ व समन्वयक शत्रुघ्न मौर्य ने संयुक्त रूप से कही। कैबिनेट मंत्री पारसनाथ द्वारा उक्त तिथि को अपरान्ह 1 बजे उद्घाटित होने वाले मेले के बारे में पदाधिकारियांे ने बताया कि किसानों द्वारा तरह-तरह की खूबसूरत एवं स्वस्थ सब्जियां तथा बागवानी में पुष्पित विभिन्न प्रकार के फूलों का प्रदर्शन किया जाता है। मेले में तमाम प्रकार के व्यंजनों की दुकानों के साथ अन्य सामानों के स्टाल लगेंगे। प्रदर्शनी के प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन हेतु उन्हें पुरस्कृत किया जायेगा। अन्त में बताया गया कि उपरोक्त संस्थाओं द्वारा वर्ष 2003 एवं 2006 में इस तरह का आयोजन हो चुका है।

