BHU में PhD कर रही अमेरिकी डॉक्टर का आरोप- 5 ने की रेप की कोशिश
https://www.shirazehind.com/2015/05/bhu-phd-5.html
वाराणसी। अमेरिका
में रहने वाली भारतीय मूल की एक मशहूर आयुर्वेदिक महिला डॉक्टर के साथ
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) में छेड़छाड़ और रेप की कोशिश का मामला
सामने आया है। डॉक्टर बासवती भट्टाचार्य का आरोप है कि यूनिवर्सिटी कैंपस
में पांच लोगों ने उनके साथ रेप करने की कोशिश की। बासवती बीएचयू में
पीएचडी कर रही हैं। वह डायबिटीज के इलाज के क्षेत्र में रिसर्च कर रही हैं।
डॉक्टर के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं
की। बाद में सीनियर पुलिस अफसरों की दखल के बाद रिपोर्ट दर्ज हुई।
एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टर बासवती ने बताया कि
22 अप्रैल की शाम 7 बजकर 45 मिनट पर वह यूनिवर्सिटी कैंपस में अपने एक
दोस्त के साथ टहल रही थीं, जब यह घटना हुई। डॉक्टर ने बताया, ''वे मेरा
सेलफोन ले गए, लेकिन मेरा लैपटॉप छोड़ गए, इसलिए यह महज लूटपाट का मामला
नहीं है। पांच लोग मेरे पास आए और रेप की कोशिश की। मैंने सेल्फ डिफेंस की
ट्रेनिंग ली है और इसलिए मैं उनका मुकाबला कर पाई। मैं घायल हो गई। वे मेरा
रेप नहीं कर पाए और मौके से फरार हो गए।''
डॉक्टर ने बताया, ''सिस्टम की बेरुखी का पता उस वक्त चला जब लंका इलाके की
पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाए मुझे मुंह बंद रखने को कहा। मेरा पुलिस
स्टेशन जाना जारी रहा, लेकिन इससे कोई मकसद हल नहीं हुआ। एसपी की दखल के
बाद मुझे मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया। जांच एक महिला पुलिस इंस्पेक्टर
और दो पुरुष डॉक्टरों ने की। इस दौरान मैंने बहुत पीड़ा झेली।'' डॉक्टर ने
आगे बताया, ''जब जांच कर रहे डॉक्टरों को पता चला कि मैं ब्राह्मण हूं और
आयुर्वेद की जानकार हूं तो उन्हें मुझे अपना हाथ देकर भविष्य बताने के लिए
मजबूर किया।''

