जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बीटेक के छात्रों ने परीक्षा का
रिजल्ट घाषित नहीं किए जाने से नाराज होकर परिसर में तोड़फोड की। मामला
बिगड़ा तो कई थानों की फोर्स को मौके पर बुला लिया गया। रात से चल रहे इस
हंगामे मेें अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिशें की लेकिन कोई
नतीजा नहीं निकला। फिलहाल सभी छात्र विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर जमे हुए
हैं। बीटेक फाइनल वर्ष की काॅपियों के मूल्यांकन के दौरान विश्वविद्यालय
प्रशासन को पता चला कि परीक्षा में बाहर से भी लिखकर काॅपियां जमा
की
गई हैं। नकल माफियाओं की सरगर्मी का अंदेशा होते ही कापियों को बारीकी से
जांचा गया तो एक एक कर नकल माफियाओं की सारी पोल खुलती गई। दरअसल फिसड्डी
छात्रों को पास कराने के लिए नकल माफिया परीक्षा की कापियां ही बदल देते
थे। जांच में जिन छात्रों की काॅपियां बदली पाई गईं विश्वविद्यालय ने उनका
रिजल्ट ही रोक दिया। रिजल्ट रूका तो छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया।
हालात खराब होने की आशंका से विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुक्रवार को
संदिग्ध छात्रों को हाॅस्टल खाली करने का आदेश जारी कर दिया। आदेश मिलते ही
छात्र आग बबूला हो गए और विश्वविद्यालय परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
सूचना पुलिस को मिली तो वहां कई थानों की फोर्स को तैनात कर दिया गया।
फिलहालत इस पूरे मामले पर विश्वविद्यालय का कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार
नहीं है।