मांगों को लेकर राज्यकर्मियों ने रोडवेज में की गेट मीटिंग
https://www.shirazehind.com/2015/07/blog-post_753.html
जौनपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शुक्रवार को रोडवेज परिसर में गेट मीटिंग हुई जहां उन्होंने मांग किया कि सभी राज्य कर्मचारियों को प्रदेश स्थित एसजीपीजीआई, चिकित्सा विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों से सम्बद्ध अस्पतालों, अन्य विशिष्ट संस्थानों में उप्र सचिवालय में सेवारत व सेवानिवृत्त कार्मिकों की भांति निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाय। रिक्त पदों पर तत्काल नियमित नियुक्तियां की जायं। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों को मृत संवर्ग से हटाकर पुनर्जीवित किया जाय, ग्रुप डी की बंद भर्ती से रोक हटायी जाय। निगमों में कार्यरत कर्मचारियों सहित राज्यकर्मियों को छठें वेतनमान का वास्तविक लाभ 1 जनवरी 06 से अनुमन्य कराया जाय। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि निगमों में सेन्टेज का पूर्ण भुगतान करना सुनिश्चित किया जाय अथवा कर्मचारियों के वेतन भत्ते अन्य प्रदेशों की भांति राजकीय कोष से दिये जायं। सभी निगमों को सार्वजनिक उद्यम ब्यूरो से मुक्त कर परिषदों/स्थानीय निकायों व स्वायत्त संस्थाओं को राज्यकर्मियों की भांति शासनादेश सीधे जारी किये जायं तथा लाभ/हानि के लिये कर्मचारियों को दोषी न माना जाय। इस अवसर पर प्रभू दयाल, शिव प्रताप सिंह, रोडवेज कर्मचारी संघ के कमला पाण्डेय, ओम प्रकाश, चन्द्रशेखर सिंह, जेडी सिंह, मंत्री सीबी सिंह, राजबली यादव सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।
