ये है जुगाड़ से बनी वॉटर बाइक, स्पीड है 25 किमी/घंटा
https://www.shirazehind.com/2015/08/25_21.html
गोरखपुर। फिल्मों में आपने हीरो को कई बार पानी पर बाइक से स्टंट
करते देखा होगा। दिल में ख्याल भी आया होगा कि काश ऐसी बाइक आपके पास भी
होती। गोरखपुर जिले के कक्रहिया निवासी मनोज निषाद ने अपने इस ख्वाब को
हकीकत में तब्दील कर दिखाया है। उन्होंने 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से
पानी पर चलने वाली वॉटर बाइक बनाई है। इसका नाम क्याबा वॉटर बाइक है। इस पर
एक साथ छह लोग बैठ सकते हैं।
वॉटर बाइक बनाने वाले मनोज पेशे से मेकैनिक है। आर्थिक स्थिति ठीक
नहीं होने की वजह से कक्षा आठ के बाद ही उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी। परिवार की
जिम्मेदारियां पूरी करने के लिए पेचकस और रिंच थाम लिया, लेकिन दिल में
कुछ अलग करने की तमन्ना हमेशा ही हिलोरे मारती रही। मनोज ने कई उस्तादों से
काम सीखा और धीरे-धीरे एक अच्छे मेकैनिक बन गए।
मनोज ने बताया कि एक बार वो काम के सिलसिले में चेन्नई गए. यहां उन्हें
थ्री व्हीलर कंपनी के सर्विस सेंटर में नौकरी मिल गई। एक दिन वो समुद्र के
किनारे घूमने गए और वहां पानी में इंजन से चलने वाली बोट देखी। मोटरबोट
पूरी तरह से विदेशी थी। उस दिन मनोज के दिमाग में आइडिया आया कि वो गांव
लौटने पर एक देसी बाइक बोट बनाएंगे।