सुधर जाओ, वर्ना जनता ठीक कर देगी : मुलायम
https://www.shirazehind.com/2015/08/blog-post_653.html
लखनऊ। प्रखर क्रांतिकारी कम्युनिस्ट नेताओं के प्रतिमा अनावरण तथा लैपटॉप वितरण समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने एक ओर जहां अखिलेश सरकार की जमकर तारीफ की, वहीं उनकी सरकार के मंत्रियों की जमकर क्लास ली। उन्हें चापलूसों से घिरा तक कह डाला। साथ ही सुधर जाने के लिए एक माह की मोहलत देते हुए कहा कि जनता में अपनी और अपने सरकार की अलग छवि बनाएं। हमने बड़ी शहादत देकर, खून-पसीना एक कर इस पार्टी को खड़ा किया है, इसे कमजोर करने वाली किसी कड़ी से किसी परिस्थिति में समझौता नहीं कर सकते। सपा मुखिया ने कहा कि उन्हें कई जगहों से रिपोर्ट मिली है कि पार्टी वहां जमीनी स्तर पर कमजोर है। फिर कार्यकर्ताओं से पूछा कि क्या यह सच है। क्या पार्टी जमीनी स्तर पर कमजोर है। क्या हम अगला चुनाव जीतने नहीं जा रहे हैं। यह सुनकर एकबारगी सन्न रह गए कार्यकर्ताओं की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने मंच पर बैठे मंत्रियों की ओर रुख करते हुए कहा कि लो, यह देख लो। ये कुछ नहीं बोल रहे, हम लोग चुनाव हारने जा रहे हैं। फिर कार्यकर्ताओं की ओर मुखातिब हुए क्या अखिलेश सरकार काम नहीं कर रही है। एक बार बोल दो कि हम चुनाव जीतेंगे। फिर तो उत्साहित कार्यकर्ताओं ने हुंकार भरी, हम जीतेंगे। फिर पूछा, सभी सीटें जिताओगे ना। कार्यकर्ता बोले, हां। इसके बाद फिर मुलायम ङ्क्षसह ने पूछा कि अगर सम्मान बचाने के लिए किसी गलत आदमी को भी टिकट दे दिया तो जीताओगे ना, कार्यकर्ता फिर चुप। दुबारा यही प्रश्न किया और मान-सम्मान की दुहाई दी तो कार्यकर्ताओं ने कहा जिता देंगे। उन्होंने कहा कि हमें सब पता है पिछले चुनाव में भी और अब भी कार्यकर्ता गांव-गांव साइकिल चलाए और नेता-मंत्री तमाशा देखते रहे, इसलिए यह सरकार केवल नौजवानों की बदौलत है। सपा मुखिया फिर मंच पर मंत्रियों की ओर मुड़े। कहा कि देखा ना, हमारे कार्यकर्ता सबसे मजबूत हैं। कमी आप लोगों में है कि आप जनता से कट गए हैं। जनता के बीच रहिए, उनकी समस्याएं सुनिए। हर माह कतार लगाकर क्षेत्र की जनता की मुश्किलें जान, उनका निदान कराइए। केवल चापलूसों के बीच मत रहिए जो कहते हैं सब ठीक है, वर्ना जनता आपको ठीक कर देगी। इस पर उत्साहित कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए।
