अतिक्रमण हटवाने में सौतेलापन कर रहा है जिला प्रशासनः मेंहदी हुसैन
https://www.shirazehind.com/2015/09/blog-post_24.html
जौनपुर। जिलाधिकारी के आदेश पर इस समय जगह-जगह अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा है जिस पर उपजिलाधिकारी सदर व नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में लेखपालों द्वारा नाप की जा रही है। नाप के दायरे में जिन स्थानों को चिंहित किया जा रहा है, वह अलग-अलग तरीके से दर्शाया जा रहा है। नगर के बारादुअरिया निवासी मेंहदी हुसैन रिजवी सामिन ने मीडियाकर्मियों को लिखित रूप से अवगत कराते हुये बताया कि चहारसू चैराहे से शाही किले के बीच में 1-1 मंदिर व मस्जिद है। शाही किले से मानिक चैक के बीच में 2 मस्जिद है। शाही किले से राज कालेज के बीच में 2 मस्जिद है। सुतहट्टी चैराहे से भण्डारी रेलवे स्टेशन के बीच में 2 मंदिर है। ये सभी अतिक्रमण के दायरे में आते हैं जिनमें कुछ तो धार्मिक स्थल काफी पुराने हैं और कुछ तो बाद में बनवाये गये हैं लेकिन प्रशासन द्वारा सौतेला व्यवहार कर रहा है। यदि अतिक्रमण के बीच में आने वाले धार्मिक स्थलों को गिराने का कोई भी शासनादेश है तो जारी किया जाना चाहिये, ताकि लोग अवगत हो सकें। श्री रिजवी का आरोप है कि जहां कमजोर माना जा रहा है, वहां अभियान का हथौड़ा चलाया जा रहा है लेकिन जहां मामला मजबूत का है या जहां स्थिति बिगड़ने की आशंका है तो वहां भेदभाव किया जा रहा है। जहां अभियान की आवश्यकता है, वहां प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है जबकि जहां जरूरी नहीं है, वहां न जाने क्यों प्रशासनिक हथौड़ा चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शाही किले से अटाला मस्जिद जाने वाले मार्ग पर एक मस्जिद है जिसको गिरवाने के लिये उपजिलाधिकारी सदर व अधिशासी अधिकारी बार-बार लेखपालों की टीम को भेजकर दबाव बनवा रहे हैं जबकि इसी मार्ग पर कई मकान व दुकान ऐसे हैं जिस पर अभियान का हथौड़ा नहीं चलाया गया है। श्री रिजवी ने कहा कि कुल मिलाकर इससे यह साफ प्रतीत हो रहा है कि जिला प्रशासन द्वारा खुलेआम पक्षपात किया जा रहा है जो उसका ताण्डव ही कहा जायेगा।
