
जौनपुर। बार कौंसिल आफ यूपी के आह्वान पर जौनपुर के दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को जमकर नारेबाजी करते हुये विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही न्यायिक कार्य का बहिष्कार करके अपने को न्यायिक कार्य से विरत भी रखा। मालूम हो कि गोरखपुर के अधिवक्ता विजय और आजमगढ़ के अधिवक्ता मुन्नी लाल की हत्या कर दी गयी है। वहीं दूसरी ओर उच्च न्यायालय के अधिवक्ता मुकेश कुमार पर जानलेवा हमला करने के साथ शाहजहांपुर में अधिवक्ताओं पर पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया है। उपरोक्त प्रकरणों को लेकर आज किये गये प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था एकदम बिगड़ चुकी है। इसी को लेकर बार कौंसिल के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने प्रदेशव्यापी हड़ताल करके विरोध दिवस मनाया। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने का कि साथी की हत्या की सीबीआई जांच कराने के साथ ही उनके परिजनों को 50 लाख रूपया मुआवजा दिया जाय और आश्रित को नौकरी पर रखा जाय। इस अवसर पर सैकड़ों अधिवक्ता उपस्थित रहे।