पीएससी के सूबेदार को लगी गोली, प्रशासन में हड़कंप
https://www.shirazehind.com/2015/10/blog-post_159.html
वाराणसी ।
श्रीकाशी विश्वनाथ स्थित गेट नंबर-4 रेड जोन में बुधवार की रात अचानक हुई
फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया। गोली चलने की आवाज से मंदिर परिसर में
सनसनी फैल गई। सूचना पर सुरक्षा अधिकारियों में हडकंप मच गया। आनन-फानन
में उसे इलाज के लिए मलदहिया स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। इंस्पेक्टर
चौक अजीत मिश्र का कहना है कि प्रथम दृष्टया संयोग प्रतीत हो रहा है। मामले
की जांच की जा रही है।
मूल रूप से देवरिया के निवासी अदेन तिवारी (45) पीएसी की 36वीं वाहिनी
में सूबेदार के रूप में कार्यरत हैं। इन दिनों उनकी बटालियन विश्वनाथ
मंदिर की सुरक्षा में लगी है। ड्यूटी रात आठ बजे से भोर में चार बजे की
शिफ्ट में लगी थी। सूबेदार परिसर के गेट नंबर चार पर तैनात थे।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना था रात लगभग 10 बजे खाना खाकर उठते समय सरकारी
रिवाल्वर जमीन पर गिरने से फायर हुआ। गोली दाहिने पैर के घुटने के नीचे लगी
है। आनन-फानन में जख्मी सूबेदार को मलदहिया के निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
परिसर के बाहर पीएसी के जवान पहले भी फायर कर चुके हैं, लेकिन इस तरह की
फायरिंग की यह पहली वारदात है। इससे सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गए हैं।
मामले की जांच में खुफिया एजेंसी सहित सुरक्षाधिकारी जुट गए हैं। गोली किन
परिस्थतियों में चली यह अभी रहस्य बना हुआ है।

