क्रेन से मूर्ति विसर्जन के दौरान मां की टूटी प्रतिमा, पथराव-आगजनी में कई घायल
https://www.shirazehind.com/2015/10/blog-post_587.html
गोरखपुर। बेलीपार इलाके के एकला बांध के किनारे बनाए गए
कृत्रिम पोखरे में दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के दौरान बवाल हो गया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की दोपहर क्रेन से एक साथ दो मूर्तियों को
उठाकर पोखरे में डाला जा रहा था। इसी दौरान क्रेन का हाइड्रोलिक सिस्टम
फेल हो गया और मां की प्रतिमाएं टूट गईं। इसमें आधा दर्जन की संख्या में
भक्त भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मां के भक्तों में आक्रोश व्याप्त हो गया
और उन्होंने मौजूद पुलिस-प्रशासन पर पथराव शुरू कर दिया।
यह घटना राप्ती नदी के समीप बेलीपार इलाके के एकला बांध की है, जहां
गुरुवार दोपहर काफी संख्या में लोग मूर्ति विसर्जन के लिए जुटे थे। इसी
दौरान क्रेन का हाइड्रोलिक सिस्टम फेल हो गया और मूर्तियां टूट गईं।
इसके बाद भक्त आक्रोशित हो गए और बवाल हो गया। इस घटना में कई लोग गंभीर
रूप से घायल हो गए। लोगों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर मौजूद, सीडीओ,
नगर आयुक्त और अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह जान बचाकर भागे। भीड़ ने विसर्जन
स्थल पर लगे प्रशासन के कैम्प को आग के हवाले कर दिया। श्रद्धालुओं और
प्रशासन के बीच झड़प जारी है और मौके पर भगदड़ की स्थिति है।

