भूकम्प के झटके को लेकर हलकान रहे जौनपुरवासी
https://www.shirazehind.com/2015/10/blog-post_556.html
जौनपुर। अफगानिस्तान व पाकिस्तान से चला भूकम्प सोमवार को हिन्दुस्तान में भी पहुंच गया जिसका कारण रहा कि उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखण्ड में इसके असर दिखे। दिल्ली सहित अन्य प्रदेशों में भूकम्प लगभग 30 से 40 सेकेण्ड तक रहा जिसका रिकार्ड 7.5 मापा गया जबकि सेण्ट्रल अफगानिस्तान ही रहा। उत्तर प्रदेश के शामली, मथुरा, सहारनपुर, मेरठ, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, लखनऊ, नोएडा, अलीगढ़, आगरा, बागपत, बिजनौर, रामपुर, संभल, मुरादाबाद, अमरोहा में इसके हल्के झटके आये। उत्तर प्रदेश के दर्जन भर से अधिक जनपदों में महसूस किये गये भूकम्प के चलते जौनपुर के लोग भी काफी हलकान रहे। भूकम्प आने की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिलने पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के लोग घर से बाहर भागने की तैयारी में हो लिये। कहीं-कहीं तो लोग घर से बाहर ही नजर आये जो केवल भूकम्प के बारे में चर्चा करते हुये अपने मोबाइल पर जूझते नजर आये। हालांकि जौनपुर सहित आस-पास के जिलों में कहीं भी भूकम्प के झटके नहीं महसूस किये गये लेकिन इसके बावजूद भी दोपहर से लेकर देर रात तक लोग भूकम्प को लेकर हलकान नजर आये।
