यूपी बोर्ड की कापियों के मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करेंगे शिक्षकः रमेश सिंह
https://www.shirazehind.com/2016/02/blog-post_574.html
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री रमेश सिंह ने बताया कि संघ ने निर्णय लिया है कि वर्तमान माध्यमिक शिक्षा निदेशक जब से आये हैं, लगातार शिक्षकों के विरूद्ध गतिविधियों में संलिप्त हैं। वे आये दिन शिक्षक विरोधी आदेश जारी कर रहे हैं। ऐसे में संघर्ष ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने बताया कि इसी को लेकर आगामी 18 मार्च को प्रातः 10 बजे से शिक्षा निदेशक कार्यालय का शिक्षक बंधु घेराव करेंगे। विगत वर्ष के मूल्यांकन बहिष्कार के फलस्वरूप मुख्यमंत्री सहित शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव व निदेशक से हुई वार्ता के क्रम में तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण सहित 4 बिन्दुओं पर सहमति बनी थी लेकिन जान-बूझकर आज तक शासनादेश निर्गत नहीं किया गया। श्री सिंह ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों के लिये बजट में 200 करोड़ का प्राविधान तो कर दिया गया लेकिन आज तक कोई गाइड लाइन जारी नहीं की गयी। यदि 20 मार्च तक उक्त बिन्दुओं पर शासनादेश नहीं निर्गत किया गया तो 30 मार्च से होने वाले बोर्ड परीक्षा के कापियों का मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया जायेगा।

