मंदिर में ट्रैक्टर घुसा, खम्भा टूटा, मोहल्लेवासी आक्रोशित
https://www.shirazehind.com/2016/03/blog-post_200.html
जौनपुर। नगर के ताड़तला मोहल्ले में स्थित विंध्यवासिनी मंदिर के ठीक बगल में बनाये गये प्राचीन एवं ऐतिहासिक हनुमान मंदिर का खम्भा गुरूवार को उस समय टूट गया जब एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर मंदिर में घुस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर के बगल में नाला निर्माण चल रहा है जहां अगल-बगल कुछ भू-माफियाओं द्वारा कब्जा भी किया जा रहा है। उसी के संदर्भ में ट्रैक्टर पर निर्माण सामग्री लादकर लाया जा रहा था कि अनियंत्रित होने से ट्रैक्टर हनुमान मंदिर के चबूतरे पर चढ़ गया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की तो सूचना नहीं है लेकिन मंदिर का खम्भा टूट गया। जानकारी होने पर मौके पर काफी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गयी जहां किसी तरह मान-मनौवल के बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल मंदिर के बगल अवैध कब्जा एवं मंदिर के टूटे खम्भे को लेकर वहां की स्थिति सही नहीं है जहां कभी भी कुछ हो सकता है। इसकी जानकारी पुलिस चौकी व शहर कोतवाली पुलिस को मौखिक रूप से कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।

