भदोही में पत्रकारों ने काली पट्टी बांध निकाला मौन जुलूस
https://www.shirazehind.com/2016/05/blog-post_140.html
भदोही 15 मई । उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के पत्रकारों ने बिहार के
सीवान में हुए पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या के विरोध में पत्रकार सड़क पर
उतर गये। भदोही नगर के अजिमुल्लाह चौराहे पर जिले भर से पहुंचे पत्रकारों
ने काली पट्टी लगाकर मौन जुलूस निकाला। मौन जुलूस अजिमुल्लाह चौराहे से
होते हुए लिप्पन तिराहे पर पहुंचकर समाप्त हो गया। मौन जुलूस के बाद
पूर्वांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमजद अहमद ने कहा कि देश व प्रदेश में
पत्रकारों की हत्याएं हो रही है। उन्हे फर्जी मुकदमे में फंसाया जा रहा है।
खबरें प्रकाशित करने के बाद पत्रकारों को तरह-तरह से प्रताड़ित व परेशान
किया जाता है। ऐसे में लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाला मीडिया खतरे
में व भय की जिंदगी जी रहा है। उन्होने कहा कि आए दिन पत्रकारों पर हमले हो
रहे है। पत्रकारों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। लेकिन सरकारें
संवेदनहीन बनी हुयी है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की आवाज को दबाने का यह
कुचक्र रचा जा रहा है। उन्होने भदोही जनपद के पत्रकारों के उत्पीड़न का
जिक्र करते हुए कहा कि कई पत्रकारों को फर्जी मुकदमे में फंसाया गया है। अब
पूर्वांचल प्रेस क्लब खामोश नही बैठेगा। इसके लिए सड़क पर उतर कर जबरदस्त
विरोध दर्ज किया जाएगा। जिले में अगर कहीं भी किसी पत्रकार को अगर फर्जी
मुकदमे में फंसाया गया व उत्पीड़न की शिकायत मिली तो इसका मुँह तोड़ जवाब
दिया जाएगा। मौन जुलूस में कर्मराज किसलय, जैनुल बेग, कैसर परवेज, पंकज
उपाध्याय, नसीर कुरैशी, सर्वेश राय, सत्येन्द्र द्विवेदी, चन्द्रबालक राय
उर्फ वंदे मातरम्, सलीम खाँ, मिस्बाह खान, शाहबाज खाँ, टिंकु सरदार, विमलेश
दूबे, रविशंकर मिश्रा, अनिल पाण्डेय, आशीष सोनी, राजेश मिश्रा, दिलीप
दूबे, सूर्यमणि शुक्ला, किशन मोदनवाल, राहुल सिंह, संजय सिंह, अनुज,
शिवशंकर ठठेर, फरहान कुरैशी सहित काफी संख्या में पत्रकार मौजूद रहें।
