सर्जिकल स्ट्राइक में शामिल कमांडो की हादसे में मौत
https://www.shirazehind.com/2016/11/blog-post_601.html
गोरखपुर। जिले में सेना के जवान की रोड एक्सिडेंट में मौत हो गई। जवान घर पर छुट्टी मनाने आया था, लेकिन सेना से अचानक वापसी का बुलावा आ गया। जवान वापसी का टिकट लेने स्टेशन गया था, लेकिन रास्ते में बाइक से टक्कर में उसकी मौत हो गई। गोरखपुर जिले के बांसगांव इलाके के रहने वाले राजेश 5 भाइयों में दूसरे नंबर थे। हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद ही फौज में भर्ती हो गए। बाद में सेना के कमांडो ब्रिगेडियर के लिए सिलेक्शन हो गया। पिछले दिनों हुई सर्जिकल स्ट्राइक में उनका अहम योगदान था, यह बात खुद उन्होंने घर वालों को बताई थी। कुछ दिनों पहले ही वह परिवारवालों से मिलने छुट्टी लेकर आए थे। छुट्टी पूरी भी नहीं हुई थी कि 7 नवंबर को सेना ने सूचना भेजकर 14 नवंबर को अपनी यूनिट में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया। पिता रामधनी ने बताया, 8 नवंबर को राजेश दोस्तों के साथ रिजर्वेशन कराने स्टेशन गया था। रास्ते में पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दोस्तों ने तुरंत ही उसे बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार देर शाम आमी नदी स्थित धोबी घाट पर राजेश का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान की पत्नी सोनी प्रेग्नेंट है। पति की मौत की खबर सुन वह बेसुध हो गई है। यही नहीं, एक साल की बेटी बार बार पापा को ढूंढ़ रही है। वहीं, माता पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

