यातायात माह की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं उपनिरीक्षक सहित दो कास्टेबल
https://www.shirazehind.com/2016/11/blog-post_696.html
जौनपुर। यातायात माह की इस समय खुलेआम धज्जियां उड़ायी जा रही हैं जिसका सारा श्रेय पुलिस विभाग के यातायात प्रकोष्ठ के उपनिरीक्षक सहित उनके मनचाहे आरक्षियों का माना जा रहा है। हास्यास्पद बात यह है कि उक्त लोगों की शिकायत करने के बावजूद भी पुलिस अधीक्षक महोदय का ध्यान नहीं जा रहा है जिसको लेकर चहुंओर चर्चा है। क्षेत्रीय लोगों सहित राहगीरों की मानें तो प्रातः 5 बजे हो या रात 9 बजे, यातायात विभाग की सफेद रंग की जिप्सी नगर के बाहर वाराणसी, इलाहाबाद, आजमगढ़ व लखनऊ मार्ग पर दिखायी देगी। उस पर सवार यातायात विभाग के उपनिरीक्षक सहित चर्चित दो आरक्षी व होमगार्ड के जवान रहेंगे जिनका एक सूत्रीय कार्य ‘जेब गरम करना’ रहता है। बता दें कि इस समय यातायात माह चल रहा है। आरक्षी अधीक्षक अतुल सक्सेना के निर्देश पर विद्यालयों में शिविर लगाकर यातायात जानकारी देने के साथ ही नगर में जगह-जगह जानकारी दी जा रही है। ऐसे में पहले से माल काटने वाले यातायात उपनिरीक्षक सहित दो चर्चित आरक्षी व होमगार्ड के जवानों की और चांदी कटनी शुरू हो गयी। यातायात माह की खुलेआम धज्जियां उड़ायी जा रही हैं, इसका जीता-जागता प्रमाण यातायात विभाग द्वारा वाहनों से धनउगाही के अलावा नगर में प्रतिबंध के बावजूद भी बड़े वाहनों का प्रवेश करना और पड़ावों पर डग्गामार वाहनों का चलना है। मालूम हो कि नगर के जेसीज व पालिटेक्निक चौराहे पर जिलाधिकारी की देख-रेख में यातायात सम्बन्धित नियमों का ‘डिस्प्ले’ निरन्तर चलता रहता है लेकिन उपरोक्त लोगों की वजह से उसका भी मजाक उड़ाया जा रहा है। यही कारण है कि नगर के सभी चौराहों, तिराहों, मोड़ों पर तैनात होमगार्ड के जवान नो इण्ट्री में प्रवेश कराने के नाम पर वाहनों से वसूली करते हैं जो इतने मनबढ़ हो गये हैं कि विरोध एवं पूछने पर वह सीधे कहते हैं कि यह यातायात निरीक्षक का निर्देश है जिसका पालन कर रहा हूं।
