सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगी परीक्षाएं
https://www.shirazehind.com/2017/09/blog-post_388.html
जौनपुर।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में
वार्षिक परीक्षाएं इस बार सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगी।
विश्वविद्यालय द्वारा इन सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर
रखी जाएगी और इसके लिए परिसर में निगरानी कक्ष बनाया जाएगा।
कुलसचिव
संजीव सिंह ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देश के अनुपालन में सीसीटीवी
कैमरे लगाने के लिए सभी महाविद्यालयों को विश्वविद्यालय द्वारा
दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगाए
जाने के संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में सम्बद्ध राजकीय एवं
अनुदानित महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक विगत 15 सितंबर को आयोजित
की गई थी ।
बैठक
में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सीसीटीवी कैमरे से परीक्षाओं पर
निगरानी विश्वविद्यालय के नियंत्रण कक्ष द्वारा होगी। इसके साथ ही यह भी
निर्णय लिया गया कि महाविद्यालयों में स्थापित किए जाने वाले सीसीटीवी
कैमरों की तकनीकी में एकरूपता हो जिससे उसे विश्वविद्यालय के नियंत्रण कक्ष
से जोड़कर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित किया जा सके।
उक्त
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इन सीसीटीवी कैमरों को एकमात्र एजेंसी
से नहीं लगाया जाएगा बल्कि विश्वविद्यालय के नियम एवं शर्तों के अधीन
मापदंडों पर खरी पाई जाने वाली विभिन्न जनपदों की बहुधा एजेंसियों के
द्वारा सीसीटीवी कैमरा को लगाया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों के सुचारु संचालन,
उपयोगिता एवं मापदंडों पर खरा उतरने की सीधी जिम्मेदारी एजेंसियों पर होगी।

