विधवा संग सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास
https://www.shirazehind.com/2017/11/blog-post_145.html
जौनपुर। रीवां मध्य प्रदेश स्थित अपने मायके से नाराज होकर
भटकते हुई आईं विधवा के साथ बुधवार की रात एक गांव में छेड़खानी करने और
गैंगरेप का प्रयास किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि घटना को
निराधार बताते हुए पुलिस ने उसे महिला सिपाही के साथ उसके मायके भेज दिया।
करीब 35 वर्ष की विधवा का रीवा मध्य प्रदेश में मायका है। वह नाराज
होकर करीब सप्ताह भर पहले घर छोड़कर भटकते हुई जंघई पहुंची। लोगों के
मुताबिक वह करीब तीन-चार दिन से जंघई के आस-पास भटकती दिखाई पड़ी थी। तीन
दिन एक गांव में वह ठंड की वजह से रखे पुआल पर रह कर रात काट रही थी। आरोप
है बुधवार की रात तीन लोग महिला से छेड़खानी करने लगे और गैंगरेप करना चाहें
तो महिला ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। लोग पहुंचते कि आरोपी भाग निकले।
इस दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दिया। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को
थाने लेकर चली गई। पुलिस का कहना है कि पुआल में किसी ने आग लगा दी थी,
जिससे महिला ने डर कर हल्ला मचा दिया। वहीं थानाध्यक्ष रामचंद्र राम ने कहा
कि आग लगने की खबर पर पुलिस गई थी। वहीं पर मानसिक रूप से कमजोर दिख रही
महिला मिली, जिसने अपना पता रीवा मध्य प्रदेश बताया जिसे वहां भेज दिया
गया, जबकि एसपी केके चौधरी का कहना है कि मेरी मीरगंज थानाध्यक्ष से इस
संबंध में वार्ता हुई है। वहां छेड़खानी और गैंगरेप के प्रयास जैसी कोई बात
नहीं है और न ही कोई ऐसी तहरीर पड़ी है। महिला मायके से नाराज होकर आईं थीं,
जिसे महिला पुलिस के साथ उसके मायके भेज दिया गया है।