डीजे बजवाने की अनुमति के लिए दौड़ लगा रहे है लोग
https://www.shirazehind.com/2018/02/blog-post_627.html
जौनपुर। बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग करने पर रोक के आदेशों के बाद वर-वधू पक्ष के साथ प्रशासन व डीजे संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। सीमित साउंड बॉक्स व निर्धारित ध्वनि सीमा के कारण अब लोगों का डीजे से मोहभंग हो रहा है। सहालग के लिए पहले से ही बुकिग करा चुके लोग अनुमति के लिए तहसील व थाने की दौड़ लगा रहे हैं। भागमभाग से आजिज लोग एक बार फिर शहनाई व ब्रासबैंड के चयन पर विचार करने लगे हैं। उच्च न्यायालय, एनजीटी व प्रशासन के आदेशों के बाद धार्मिक स्थलों पर सीमित ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की अनुमति प्रशासन ने जारी की थी। धार्मिक स्थलों को एक हार्न के उपयोग की अनुमति इस शर्त के साथ दी जा चुकी है कि रात दस बजे से सुबह छह बजे तक इनका प्रयोग नहीं किया जाएगा। शादी-विवाह के लिए डीजे की अनुमति इस बात की सख्ती से ताकीद की जा रही है कि केवल आयोजन स्थल पर ही दो साउंड बॉक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। रात दस बजे के बाद बंद कमरे में ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का सीमित आवाज में इस्तेमाल किया जाएगा। आदेशों की अवहेलना पर डीजे मालिक व कार्यक्रम आयोजक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। इन प्रतिबंधों के बाद डीजे संचालकों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। अनुमति लेने की भागमभाग से आजिज लोग डीजे की बु¨कग न करने की सलाह दे रहे हैं। कारण 75 डेसीबल के मानक से तेज आवाज होने पर कानूनी पचड़ों में पड़ने की संभावना है।

