जाम का झाम, आमजन परेशान
https://www.shirazehind.com/2018/02/blog-post_597.html
जौनपुर। नगर के प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या से लोगों का राह चलना दुश्वार है। सड़क से अतिक्रमण हटवाने में प्रशासन को पसीने छूट रहे हैं। फुटपाथों पर दुकानें संचालित हो रही हैं। जिससे वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। नगर के ओलन्दगंज, कचेहरी रोड़ टीडी कालेज रोड पर पटरियों पर सब्जियों की दुकानें बढ़ती जा रही हैं। भीड़ भाड़ वाले इस क्षेत्र में बेतरतीब खड़े ठेले समस्या को और बढ़ा रहे हैं। बाजार में भारी वाहनों के आ जाने पर लोगों को घंटों जाम में फंसा रहना पड़ता है। जाम हटाने के लिए प्रशासन को स्थाई हल ढूंढ़ना पड़ेगा। बाजार के प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण दूर करने पर ही जाम की समस्या से निजात मिल सकती है। कई प्रमुख बाजार की सड़के अतिक्रमण के कारण सकरी हो गई है। जाम लगने पर घंटों जूझना पड़ता है। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के साथ ही सभी प्रमुख चैराहों पर पुलिस की ड्यूटी लगानी चाहिए ताकि दिन के समय भारी वाहनों पर रोक लगाया जा सके।
