महाविद्यालयों में आयोजित रासेयो के विशेष शिविर का हुआ समापन
https://www.shirazehind.com/2018/02/blog-post_716.html
जौनपुर।
जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों में आयोजित राष्ट्रीय सेवायोजना के विशेष
शिविर का समापन हो गया। इस मौके पर जहां स्वयंसेवकों व सेविकाओं ने तमाम
कार्यक्रम प्रस्तुत किया, वहीं अतिथियों ने रासेयो के उद्देश्य पर प्रकाश
डाला।
मीरगंज
संवाददाता के अनुसार दियावांनाथ केवलाशंकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय दतांव
में आयोजित राष्ट्रीय सेवायोजना के विशेष शिविर का समापन हो गया। समाजसेवी
सुदामा मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डा. अमरनाथ
उपाध्याय व विशिष्ट अतिथि मंगला प्रसाद रहे। इस मौके पर महाविद्यालय के
प्राचार्य डा. प्रभाकर दुबे ने कहा कि स्वयं सेवा के माध्यम से राष्ट्र
सेवा की प्रेरणा छात्र-छात्राओं में हो, इसीलिये भारत सरकार के खेल एवं
युवा कल्याण मंत्रालय का यह कार्यक्रम पूरे देश के सभी विश्वविद्यालयों
सहित महाविद्यालयों में संचालित हो रहा है। इसी क्रम में कार्यक्रम अधिकारी
संजू यादव ने सम्पूर्ण कार्यक्रम का कार्यवृत्त प्रस्तुत किया। साथ ही
स्वयंसेवकों व सेविकाओं ने रंगारंग कार्यक्रम करके सभी का मन मोह लिया।
महाविद्यालय के प्रबन्धक अशोक तिवारी ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह व
अंगवस्त्रम भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन शिवशंकर यादव ने किया। अन्त में
लाल बहादुर यादव ने समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर
तमाम गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
सुइथाकला
संवाददाता के अनुसार स्थानीय गांधी स्मारक पीजी कालेज समोधपुर में विविध
कार्यक्रमों के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना के 7 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण
शिविर का समापन हो गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ शिक्षाविद राम
सन्मुख तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रशिक्षण से युवाओं में
देशप्रेम की भावना का विकास होता है। शिविर में जहां बच्चों के अन्दर
अनुशासन की भावना बलवती होती है, वहीं उनमें आपसी सौहार्द भी बढ़ता है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व प्राचार्य मोती लाल गुप्ता ने शिविरार्थियों के
कार्यक्रम की सराहना करते हुये मंगलमय भविष्य की कामना किया। इसी क्रम में
पत्रकार डा. प्रदीप दुबे ने युवा शक्ति को संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिये
प्रेरित किया। समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डा. रणजीत पाण्डेय
ने समस्त आगन्तुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजनीति
विज्ञान के विभागाध्यक्ष अरविन्द सिंह, प्रबन्धक हृदय प्रसाद सिंह,
कार्यक्रम अधिकारी डा. अविनाश वर्मा, डा. अवधेश मिश्रा, डा. पंकज सिंह, डा.
लालमणि प्रजापति, डा. सत्य प्रकाश सिंह, डा. संदीप सिंह, प्रेम यादव
प्रधान, पंकज कुमार, श्रीनाथ सिंह, राजेश सिंह, राहुल सिंह, ज्वाला सिंह,
शिवमंगल सोनी सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

