चोरों ने सेंधमारी कर हजारों का माल उड़ाया
https://www.shirazehind.com/2018/03/blog-post_844.html
जफराबाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के सरैंया मोड़ पर स्थित एक मेडिकल की दुकान में बीती रात चोरों ने सेंधमारी कर इनवर्टर की बैटरी सहित दुकान में रखे अन्य सामानों पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष जफराबाद ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया और आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना मे शामिल चोर सलाखों के पीछे होंगे।।
जानकारी के अनुसार सूर्यभान सिंह, निवासी ग्राम तरसण्ड, थाना गौराबादशाहपुर की एक प्रदीप मेडिकल के नाम से दुकान जफराबाद थाना क्षेत्र के सरैंया मोड़ पर संचालित है। बताया जाता है कि बीतीरात कुछ अज्ञात चोरों ने उक्त मेडिकल की दुकान में सेधमारी कर दुकान में लगे इनवर्टर की बैटरी तथा आधा दर्जन च्यवनप्राश, राहत रूह, डाइपर सहित हजारों रूपयें का सामान उड़ा दिया। घटना की जानकारी सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान संचालक सूर्यभान सिंह को दी। दुकान पर पहुंचे सूर्यभान ने उक्त घटना से थानाध्यक्ष जफराबाद को अवगत कराया। सूचना पर हमराहियों के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने मौका मुआयना करने के पश्चात डाग स्कायड टीम को बुलवाया। टीम मे शामिल बादल कुत्ते ने लगभग आधे घंटे तक खोजबीन करने के पश्चात घटनास्थल से थोड़ी दूर पर स्थित जनता जनार्दन स्कूल पर जाकर रुक गया। दुकान मे लगे सी.सी. कैमरें को खगालनें के बाद थानाध्यक्ष ने पीड़ित सूर्यभान को आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का पर्दाफास कर चोरों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

