वृक्षारोपण के नाम पर गोलमाल
https://www.shirazehind.com/2018/03/blog-post_990.html
जौनपुर। जिले में हरियाली को बढ़ाने के लिए पानी की तरह पैसा खर्च किया जाता है। फिर भी हालात में खास बदलाव नहीं आ रहा है। हरियाली की कमी से जिले का वातावरण प्रदूषित होता जा रहा है। वन विभाग के आंकड़ों की मानें तो हर साल लाखों पौधे लगाए जाते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि वे पौधे हैं कहां। इसके पीछे सच्चाई है कि उचित देखभाल के अभाव में लगने के कुछ ही दिन बाद पौधे सूख जाते हैं। उनका नामोनिशां मिट जाता है। जनपद में हर साल जुलाई में पौधरोपण अभियान वन विभाग चलाता है और इसमें भारी गोलमाल कर सरकारी धन का बन्दरबाट कर सरकार को फर्जी रिपोर्ट भेजी जाती हैै। जनपद में अभी तक कोई भी आरक्षित वन क्षेत्र नहीं है। विभाग ग्राम समाज की जमीन, सड़कों के किनारे, नहरों के किनारे और सरकारी जमीनों पर पौधरोपण करता है।
