कुए में मिली वृद्ध की लाश, हत्या का आरोप
https://www.shirazehind.com/2018/08/blog-post_606.html
जौनपुर । केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के हुरहरी गांव के 70 वर्षीय रामराज उर्फ दुःक्खू मौर्या की उसके घर के पास स्थित उसके ही कुएं में सबेरे लाश मिली। मृतक का बांया हाथ टूट गया था तथा सिर पर चोट का निशान था। कोतवाली पुलिस ने लाश को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी सूखा देवी का आरोप है कि जमीन हड़पने के लिए भतीजों ने ही मारकर कुएं में फेंक दिया। सुबह भतीजे कतवारू ने ही लाश कुएं में होने की सूखा देवी को सूचना दी। दुःक्खू कल शाम को खाना खा कर आराम कर रहे थे। लेकिन रात में गायब हो गए। देर रात नींद से उठी पत्नी सूखा ने बिस्तर पर पति को नहीं देखा तो चिंता हुई। उसने साथ रह रही अपनी विवाहिता बेटी को जगाया और रातभर खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह भतीजे कतवारू ने लाश कुएं में होने की मृतक की पत्नी सूखा देवी को सूचना दी। तो कोहराम मच गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के हुरहरी गांव के 70 वर्षीय रामराज उर्फ दुःक्खू मौर्या के सिर्फ लड़कियां ही हैं। और सबकी शादी हो चुकी है। शादी में भतीजों कतवारू और विनोद ने मदद की। इसके एवज में दोनों भतीजों ने दुःक्खू से उनके हिस्से की जमीन जबरजस्ती रजिस्ट्री करा ली।बाद में दुःक्खू ने जमीन वापस लेने के लिए तहसीलदार कोर्ट और दीवानी में मुकदमा दायर कर दिया। जो विचाराधीन है। दुःक्खू कि पत्नी सूखा देवी के मुताबिक इस कारण दोनों भतीजे दुःक्खू का उत्पीड़न करने लगे थे। इसी क्रम में दो बार पीटकर कुएं में ढकेल दिया था। वे मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे। नहीं लेने पर मारकर घर के पास ही कुएं में फेंक दिया। और ऊपर से बांस की ठठरी रख कर ढंक दिया था। सूखा देवी ने दोनों भतीजों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। इस बारे में पुलिस का कहना है कि मामला हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या का है। इसके पहले भी दुःक्खू ने दो बार कुएं में कूद कर जान देने का प्रयास किया था।