शिक्षक को गोलियों से उड़ने वाले आरोपी के घर हुई कुर्की
https://www.shirazehind.com/2018/10/blog-post_714.html
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के दक्षिण पट्टी गांव में करीब चार महीने पहले रिटायर्ड शिक्षक की गोली मारकर हत्या के मामले में एक फरार आरोपित के घर शुक्रवार को कुर्की की कार्रवाई की। अदालत के आदेश पर कुर्की के बाद पुलिस सामानों को कब्जे में थाने ले गई।
दक्षिण पट्टी गांव निवासी बैजारामपुर इंटर कालेज के सेवानिवृत्त शिक्षक जावेद अहमद घर पर रह कर खेती करते थे। पहली पत्नी की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से एक बेटा था जबकि दूसरी बीवी से दो बेटे और बेटियां थीं। पहली पत्नी का पुत्र जमीन-जायदाद में आधा हिस्सा मांग रहा था। जावेद तीनों बेटों को बराबर हिस्सा देने की बात कह रहे थे। बड़े बेटे अब्बास को यह नागवार लग रहा था। उसने पिता को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। गत छह जुलाई की शाम जावेद अहमद की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई जब वह भोजन करने के बाद दरवाजे के सामने लगे हैंडपंप पर हाथ धुल रहे थे। मृतक के छोटे बेटे साकिब की तहरीर पर पुलिस ने बड़े बेटे अब्बास, उत्त्तर पट्टी गांव निवासी दिनेश यादव (जेठू) समेत चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से ही फरार चल रहे दिनेश के घर न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार की दोपहर थानाध्यक्ष निरीक्षक राजेश यादव ने कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपित को गुंडा एक्ट के तहत भी निरुद्ध कर दिया है।
