पिकप की चपेट मे आने से अधेड़ की मौत
https://www.shirazehind.com/2018/12/blog-post_158.html
जौनपुर । सरपतहां थाना क्षेत्र के जुनेदपुर गांव के पास पिकप की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गयी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर लखनऊ -बलिया राज मार्ग जाम कर दिया । मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी शाहगंज के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। सरपतहां थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी 55 वर्षीय रामसूरत विश्वकर्मा पुत्र राम रूप की थाना क्षेत्र स्थित गलगला शहीद में फर्नीचर की दुकान है। नित्य की भांति वे बुधवार की रात्रि लगभग साढ़े दस बजे अपनी बाइक से घर के लिऐ निकले, जैसे हीं बाइक लेकर सड़क पर पहुंचे कि शाहगंज की तरफ से तेज गति से आ रही पिकप की चपेट में आ गये ।लोगों कि कहना है कि पिकप पर पशु तस्कर सवार थे इतना हीं नहीं बल्कि पीछे से तेज गति से आ रही दो पिकप भी उन्हें रौदते हुऐ चली गई और मौके पर हीं उनकी मौत हो गई। राम सूरत के मौत की सूचना मिलते ही बाजारवासी के अलावां सैकड़ो की संख्या मे लोग पहुंच कर लखनऊ -बलिया राज मार्ग को जाम कर दिया।दोनो तरफ से गाड़ियो का लम्बा काफिला लग गया।परिजनों ने लाश को रख कर प्रशासन से मांग किया कि मृतक के परिवार को सरकार द्वारा मुआवजा देने के साथ हीं उचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाय। राज मार्ग जाम होने की सूचना मिलते हीं कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। परिजनो ने मांग किया कि नगर पंचायत राज्य मंत्री गिरीश यादव और विधायक बदलापुर रमेश मिश्रा जब तक मौके पर नहीं आएंगे तब तक लाश नही उठेगी। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी शाहगंज राजेश कुमार वर्मा,क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजय कुमार श्रीवास्वतव द्वारा काफी समझाने बुझाने के बाद जाम समाप्त हुआ । पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर और पंचनामा कराने के उपरांत अन्त्यपरीक्षण हेतु भेज दिया।
