मगरमच्छ के हमले से दहशत
https://www.shirazehind.com/2019/04/blog-post_163.html
जौनपुर । गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के विझवार सागर गांव निवासी राम पलट निषाद अपनी भैंस गांव में गोमती नदी में धो रहे थे कि अचानक एक लम्बे मगरमच्छ ने उनका पैर पकड़ लिया और खीेचने लगा। शोर मचाने पर नदी के किनारे मौजूद रमेश नागर, जितेन्द्र नागर सहित चार पांच लोग मगरमच्छ को डंडे से पीटने लगे तब किसी तरह मगरमच्छ उन्हे छोड़कर गहरे पानी में चला गया। मगरमच्छ के हमले से रामपलट के पैर में गहरी चोट आ जाने की वजह से उन्हें सीएचसी मुफ्तीगंज ले जाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। रामपलट के अनुसार पानी कम होने की वजह से जान बच गई अन्यथा बचना मुष्किल था। विझवार सागर घाट पर नदी में दो मगरमच्छ आ जाने से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो सप्ताह से नदी के किनारे रेत में मगरमच्छ अक्सर दिख जा रहा है। जिससे लोगों में दहशत है। इन दिनों लोग नदी के किनारे जाने से कतरा रहे है। वहीं गांव के निषाद बस्ती के लोगों का कहना हैं कि हम लोग गर्मी के दिनों में नदी मे मछली पकड़ने तथा पानी के किसी काम के लिए नदी का ही सहारा लेते है लेकिन नदी में मगरमच्छ आ जाने से हमें बहुत ही परेशानी उठानी पड़ रही है। अब लोग गोमती के पानी में उतरने से भयजदा है।

