साक्षी सिंह बनी यूको बैंक में पीओ, पहले प्रयास में ही मिली सफलता
https://www.shirazehind.com/2019/04/blog-post_963.html
जौनपुर।
‘कौन कहता है आसमान में सुराख नहीं हो सकता, तबीयत से तो एक पत्थर उछालो
यारों।’ इस पंक्ति को नगर के नखास मोहल्ले की बिटिया ने चरितार्थ कर
दिखाया। काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक के सेवानिवृत्त शाखा प्रबन्धक शरद
सिंह की पुत्री साक्षी सिंह का चयन यूको बैंक में परिवीक्षाधीन अधिकारी
(पी.ओ.) के पद पर हुआ है। साक्षी की प्रारम्भिक शिक्षा-दीक्षा जौनपुर से
हुई है जिसके बाद वह तैयारी में लग गयी जिसका परिणाम बहुत शीघ्र ही सामने आ
गया। बता दें कि साक्षी पहली बार में ही इस पद के लिये चयनित हुई है जिसकी
जानकारी होने पर परिवार सहित उनके नाते-रिश्तेदारों के अलावा शुभचिंतकों
में खुशी की लहर दौड़ गयी। इस बाबत पूछे जाने पर साक्षी का कहना है कि इस
उपलब्धि का सारा श्रेय उसके माता-पिता के अलावा सभी शुभचिंतकों को है। बता
दें कि साक्षी दो भाईयों में अकेली बहन है। बड़े भाई वैभव सिंह बंगलौर में
समीक्षा अधिकारी के पद पर तैनात हैं जबकि दूसरे नम्बर के भाई सौरभ सिंह
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।

