तेज धूप से सहमा जनमानस
https://www.shirazehind.com/2019/05/blog-post_194.html
जौनपुर। मौसम का मिजाज फिर गर्म होने लगा है। तीने दिन पहले आंधी और नम मौसम से पारा नीचे आ गया था, अब धीरे-धीरे चढ़ने लगा है। सुबह तो मौसम सामान्य रहा, लेकिन दोपहर में पारा चढ़ता गया। धूल भरी हवाएं चलने से राह चलना मुश्किल हो रहा था। गेहूं की कटाई और मढ़ाई का जो काम ठप हो गया था फिर चालू हो गया है। किसान जल्दी से जल्दी अपनी उपज को घर तक पहुंचाने की जुगत करते दिखाई दिए। मंगलवार को सुबह से ही चटख धूप निकली, नौ बजे तक तक तो मौसम सामान्य रहा, लेकिन उसके बाद गर्मी को प्रकोप बढ़ने लगा। पूर्वाह्न करीब 11 बजे के बाद से सड़क पर निकलना मुश्किल हो रहा था। एक तो भीषण धूप ऊपर से धूल भरी हवाएं चल रही थीं। जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के जानकारों की मानें तो पारा और चढ़ता जाएगा। दोपहर में घर से जरूरी काम से ही लोग बाहर निकले, वह भी सिर पर अंगोछा या छाता का उपयोग करते दिखाई दिए। शीतल पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ गई है। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी से मच्छरों ने लोगों की रात की नींद उड़ा दी है। इस साल मलेरिया विभाग ने अभी तक कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं कराया है। जिस कारण संक्रामक रोग फैल रहे है, लेकिन अस्पताल प्रशासन की नींद नही टूटी है। ग्रामीण क्षेत्रों में तथा शहर में कहीं फागिग होती नहीं दिख रही है। गर्मी से परेशान लोग या तो धूप से बचने के लिए छाता लेकर निकले या फिर अपने घरों या प्रतिष्ठानों में बैठे रहे। रोडवेज बस स्टैंड पर बसों में बैठे यात्री भी पानी पी पीकर अपनी प्यास बुझाते रहे और गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते रहे। वहीं अस्पताल के वार्डों में भी चल रहे पंखों के बावजूद मरीजों के तीमारदार हाथों से पंखे झल कर किसी तरह गर्मी से राहत देने की कोशिश करते दिखाई दिए।