दुर्व्यवस्था का आरोप लगाते हुए महिला खिलाड़ियों ने किया हंगामा
https://www.shirazehind.com/2019/11/blog-post_187.html
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित पूर्वी अंतर
जोन विश्वविद्यालयीय हाकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने आई खिलाड़ियों ने
सोमवार को हास्टल में दुर्व्यवस्था का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।
इन खिलाड़ियों का आरोप है कि कुछ छात्रों द्वारा हास्टल के समीप पटाखे आदि
फोड़कर हूटिग की गई। इसलिए उन्हें तत्काल किसी महिला हास्टल में स्थानांतरित
कर दिया जाए। मामले का पता चलने पर जिम्मेदारों ने समझा-बुझाकर मामला शांत
कराया। मंगलवार को फिर अपनी मांगों को लेकर महिला खिलाड़ी मुखर हो उठीं।
मामले को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने बैठक कर समस्या के
समाधान के बाबत मंत्रणा की। विश्वविद्यालय के एक जिम्मेदार अधिकारी ने
बताया कि इन खिलाड़ियों के हास्टल को बदले जाने पर विश्वविद्यालय प्रशासन
गंभीर है। उम्मीद है कि उन्हें किसी महिला हास्टल में स्थानांतरित कर दिया
जाएगा।
