‘विशेष शिक्षा आयी है, नई रोशनी लायी है’
https://www.shirazehind.com/2019/12/blog-post_21.html
जौनपुर। विश्व दिव्यांग दिवस 3
दिसम्बर के अवसर पर रासमण्डल स्थित रचना विशेष विद्यालय में साप्ताहिक
कार्यक्रम के प्रथम दिन मंगलवार को जन-जागरूकता रैली निकाली गयी जिसको
जनसत्ता दल के जिलाध्यक्ष विराज ठाकुर ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
रैली में दिव्यांग बच्चे स्लोगन लिखी तख्तियां ‘आओ मिलकर करें संकल्प,
जन-जागरूकता एक विकल्प’, ‘विशेष शिक्षा आयी है, नई रोशनी लायी है’,
‘मानव-मानव एक समान, दिव्यांगता का मिटे निशान’ लेकर जागरूक कर रहे थे।
रैली विद्यालय परिसर से निकलकर मानिक चौक से राजा साहब फाटक होते हुए अटाला
मस्जिद से शाही किले पर पहुंची और एक सभा के रूप में परिवर्तित हो गयी।
सभा को सम्बोधित करते हुए विराज ठाकुर ने कहाकि जीवित इंसान तभी जीवित रहता
है जब वह समाज में रहने वाले विभिन्न क्षमता वाले व्यक्तियों या बच्चों की
सेवा करता है। इसी क्रम में जिला महासचिव आनन्द कुमार सिंह ने विशेष
बच्चों के जीवन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहाकि दिव्यांगता अभिशाप
नहीं होती है। यदि इनके सुख-दुख को अपना समझें तो ये बच्चे खुद अपना लक्ष्य
प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए समाज के प्रत्येक प्राणी को जागरूक होना
पड़ेगा। इसके बाद रैली शाही किले से चलकर मानिक चौक होते हुए विद्यालय परिसर
में आकर समाप्त हुई। इस अभियान में रचना विशेष विद्यालय के मुख्य समन्वयक
सुनील कुमार गुप्ता, डा. संतोष कुमार सिंह, नितेश सिंह, सचिन यादव, सुनील
कुमार, जितेन्द्र, होरेन्द्र, दामिनी यादव, रश्मि, गुलाम अब्बास जैदी आदि
मौजूद रहे। रैली का समापन विद्यालय के प्रबन्धक नसीम अख्तर द्वारा किया
गया।

