छह करोड़ रुपये से 250 तालाब खोदे जायेंगे
https://www.shirazehind.com/2020/02/250.html
जौनपुर। अत्यधिक जल दोहन के कारण भूगर्भ जलस्तर तेजी से पाताल की ओर जा रहा है। ऐसे में नौ ब्लाक डार्क जोन में चले गये हैं, जबकि कई बार्डर लाइन पर हैं। जलस्तर बढ़ाकर डार्क जोन से निकालने के लिए वर्षा जल संचयन एवं भू-जल संवर्धन योजना के तहत व्यापक स्तर पर तालाब खोदे जाने की तैयारी की गई है। इसे लेकर सभी बीडीओ से रिपोर्ट मांग ली गई है, जिसकी अंतरिम सूची दस फरवरी तक तैयार कर ली जाएगी। फिलहाल तकरीबन छह करोड़ रुपये से 250 तालाब खोदे जायेंगे। यह कार्य मनरेगा द्वारा कराया जायेगा।अंधाधुंध जल दोहन से चार ब्लाकों का भू-जल समाप्ति के कगार पर पहुंच गया है। जल संकट को लेकर भू-गर्भ जल विभाग ने द्वारा रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद महकमा भी हरकत में है। विभाग द्वारा अपनी रिपोर्ट पानी बचाने को कुछ अहम सुझावों के साथ सौंप दी है। साथ ही चेताया है कि यदि ठोस उपाय नहीं किये गये तो तीन वर्षों में यहां के लोग पानी के लिए तरसेंगे। इसके बाद पानी बचाने को लेकर समीक्षाओं का दौर शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी जल संचयन के आह्वान के बाद भी पानी बचाने को लेकर सार्थक कदम उठे हैं। इसी कड़ी में तालाबों को खोदने की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है।

