20 अप्रैल से खुलेगा विश्वविद्यालय
https://www.shirazehind.com/2020/04/20_18.html
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय 20 अप्रैल से सावधानी के साथ खुलेगा। शासन ने इसके लिए विश्वविद्यालय के कुलसचिव को पत्र भेजा है। विश्वविद्यालय में 33% कर्मचारी ही एक साथ ड्यूटी पर बुलाए जाएंगे। कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क, गमझा या दुपट्टे से चेहरे को ढक कर आना होगा।
उ0प्र0 शासन के विशेष सचिव मनोज कुमार द्वारा भेजे गए पत्र में लिखा है कि सभी विभागाध्यक्ष/कार्यालयाध्यक्ष समूह "क" तथा "ख"के सभी अधिकारी कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे। कार्यालयों के प्रत्येक कार्यदिवस में
समूह 'ग' एवं 'घ' के यथावश्यक, 33 प्रतिशत तक के कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु रोस्टर इस प्रकार बना ले कि ऐसे कर्मी अलटरनेट दिवस पर कार्यालय आयें ताकि विभागीय कार्यों में व्यवधान उत्पन्न न हो। कार्यालय की कार्यावधि में सोशल डिस्टैन्सिंग एवं अन्य सुरक्षात्मक उपायों का पूरा ध्यान रखा जाए।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने बताया कि शासन द्वारा विश्वविद्यालय में कार्य किए जाने संबंधी जो दिशानिर्देश भेजे गए हैं उसके क्रम में कार्यालयों के प्रभारियों को निर्देश दे दिया गया है। कार्यालयवार कर्मचारियों का रोस्टर तैयार किया जा रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखते हुए विश्वविद्यालय में कार्य संपन्न होंगे।

