मजदूरों का पैसा हड़पने के आरोप में ग्रामप्रधान पर धोखाधड़ी का मुदमा दर्ज
https://www.shirazehind.com/2020/04/blog-post_471.html
जौनपुर। जिलाधिकारी के आदेश पर चंदवक पुलिस ने विकास खंड डोभी के ग्राम पंचायत रामदेवपुर के प्रधान श्रीप्रकाश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।ग्राम पंचायत के जॉबकार्ड धारक मनरेगा मजदूरों का रुपये प्रधान द्वारा हड़पने के वायरल हुए वीडियो को जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने गंभीरता से लेते हुए एसडीएम चंद्र प्रकाश पाठक को जांच कराकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। नायब तहसीलदार हेमंत कुमार बिद ने कानूनगो व अन्य सहयोगियों के साथ गांव में आकर मनरेगा मजदूरों से पूछताछ की। जांच के दौरान वीडियो वायरल में आरोप लगाने वाली महिला व पुरुषों ने कहा कि मनरेगा की मजदूरी के जो रुपये उनके बैंक खाते में आए थे, प्रधान ने घर आकर मशीन पर अंगूठा निशान लगवाकर उसे निकालकर रख लिया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर डीएम ने प्रधान के विरुद्ध केस दर्ज करने का आदेश दिया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।>
