पटरी काटने से आवागमन में कठिनाई
https://www.shirazehind.com/2020/04/blog-post_881.html
जौनपुर। केराकत ब्लाक क्षेत्र के बेलहरी गांव में केराकत से पेसारा जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क की पटरी काटकर सड़क खराब कर देने की शिकायत है। गांव के ग्राम प्रधान ने पीएमजेएसवाई के जेई से शिकायत करते हुए सड़क को अविलंब ठीक कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बेलहरी गांव के ग्राम प्रधान अजीत कुमार सिंह की शिकायत है कि केराकत से पेसारा जाने वाली मुख्य सड़क की पटरी को बेलहरी गांव के सरोज राजभर ने काटकर अपने पोखरा में मिला लिया है। जिसके चलते एक तो पोखरे का पानी और कीचड़ सड़क पर फैल रहा है। दूसरे सड़क पतली और खतरनाक हो गई है। जिससे सड़क से आने जाने वालों के लिए गिरकर चोटिल होने की आशंका बढ़ गई है। इस क्षेत्र में आने जाने का यही एक मात्र मुख्य मार्ग है। ग्राम प्रधान अजीत सिंह मदन ने पीएमजेएसवाई के जेई अनिल कुमार से शिकायत की है। उन्होंने जेई से अविलंब सड़क ठीक कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। जेई अनिल कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

