कोरोना से जंग जीतने वालों पर हुई फूलो वर्षा
https://www.shirazehind.com/2020/07/blog-post_764.html
जौनपुर। वैश्विक महामारी कोरोना से जंग जीतने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ने के साथ ही संक्रमितों का भी आंकड़ा भी बढ़ रहा है। शनिवार को जहां 13 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। स्वस्थ होकर लौटने वाले का जनपद के नोडल अधिकारी के. रवींद्र नायक ने पुष्प वर्षा करके स्वागत किया।
उधर खेतासराय थाने के दस पुलिस कर्मियों, चिकित्सक समेत 46 नए पॉजिटिव मरीज मिले। जनपद में अब तक 189 सक्रिय केस हैं तो पीड़ितों का आंकड़ा 702 हो गया है। वहीं 504 मरीजों के स्वस्थ होने के साथ ही नौ की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य टीम ने पांच जुलाई को खेतासराय थाने के 46 पुलिस कर्मियों का नमूना लिया था। जांच रिपोर्ट में दस पुलिस कर्मियों के पॉजिटिव आने के बाद विभाग चौकन्ना हो गया है। थाने को सैनिटाइज करने के साथ ही संपर्क में आने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। दस दिन पूर्व गौराबादशाहपुर बाजार में एक व्यवसाई के संक्रमित मिलने के बाद चार जुलाई को 70 लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट में 12 लोग संक्रमित मिले हैं। बदलापुर कस्बे में एक कपड़ा व्यवसाई की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से पूरा कस्बा सहम गया है। उनका नमूना जांच को चार जुलाई को लिया गया था। इसी तरह बछुआर गांव की एक युवती व दाउदपुर निवासी एक अधेड़ की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मचा है।

