फांसी पर लटकती मिली युवक की लाश
https://www.shirazehind.com/2020/10/blog-post_738.html
जौनपुर। मछलीशहर थाना क्षेत्र के खजुरहट गांव में मंगलवार की सुबह युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसने मौत को क्यों गले लगाया, कारण साफ नहीं हो सका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
गांव निवासी श्रीराम पटेल के परिवार के सदस्य धान की फसल काटने गए थे। घर में उनका पुत्र आलोक कुमार पटेल (19) अकेला था। खेत से 11.30 बजे बड़ा भाई दीनानाथ पानी पीने घर आया तो दरवाजा भीतर से बंद था। दरवाजा खटखटाने व आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो किसी अनहोनी की आशंका से वह घबरा उठा। खिड़की से झांकने पर कमरे में साड़ी से फंदे के सहारे आलोक का शव लटका दिखा। शोर मचाने पर खेत से स्वजन भी आ गए। पास-पड़ोस के लोग जुट गए। खिड़की तोड़कर दरवाजा खोला गया। घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस को स्वजन आत्महत्या के कारणों के बारे में कुछ बता नहीं सके। मृत युवक तीन भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। वह गांव में ही सिलाई-कढ़ाई की दुकान चलाता था। मंझला भाई मनीलाल दुकान चलाने में उसकी मदद करता था।