यात्रियों की सुविधा के लिए हाईवे पर हर बीस किलोमीटर की दूरी पर बनेगा शौचालय
https://www.shirazehind.com/2020/11/blog-post_944.html
जौनपुर: मुसाफिरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब हाईवे पर हर बीस किलोमीटर की दूरी पर सार्वजनिक शौचालय बनाया जाएगा। इतना ही नहीं यहां पर वाटर कूलर के साथ ही यात्रियों के बैठने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से इस पहल को अमल में लाने के लिए जरूरी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। अगले कुछ दिनों में निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही जा रही है।
सार्वजनिक शौचालयों को बनाने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को दी गई है। जिले में कुल 60 स्थानों को इसके लिए चिह्नित किया गया है। प्रथम चरण में 14 स्थानों पर निर्माण कराया जाएगा। यह पहल अपने आप में काफी खास है। फिलहाल इस तरह की व्यवस्था शायद ही किसी स्थान पर हो। निर्माण में होने वाले खर्च का आकलन भी किया जा रहा है। सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण के साथ कुछ जगहों पर मखमली घास भी लगवाई जाएगी। इसके साथ ही पीने के लिए पेयजल की भी पर्याप्त व्यवस्था होगी। हाईवे पर सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था न होने की वजह से मुसाफिरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे जल्द ही निजात मिलने की संभावना है।
जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यह फैसला मुसाफिरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण ग्राम पंचायत स्तर पर होगा। यहां लंबी दूरी से आने वाले यात्रियों के बैठने के लिए भी जगह होगी। 14 सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण अगले कुछ दिनों में शुरू करा दिया जाएगा।

